सीमा वार्ता टालने के प्रस्ताव पर मिजोरम को असम की प्रतिक्रिया का इंतजार : अधिकारी

Ads

सीमा वार्ता टालने के प्रस्ताव पर मिजोरम को असम की प्रतिक्रिया का इंतजार : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - October 31, 2022 / 09:01 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:58 PM IST

आइजोल, 31 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम सरकार को असम के साथ सीमा संबंधी विवादों पर तीसरे दौर की वार्ता स्थगित करने के प्रस्ताव पर पड़ोसी राज्य से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी।

यह वार्ता चार नवंबर को गुवाहाटी में होनी है।

मिजोरम के गृह विभाग के अतिरिक्त सचिव लल्हरियातपुइया ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तीन नवंबर को राज्य की दो दिवसीय यात्रा के मद्देनजर पिछले सप्ताह असम को एक पत्र भेजा गया था जिसमें सीमा वार्ता को स्थगित करने का अनुरोध किया गया था।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि जोरमथांगा सरकार ने पत्र में चर्चा के लिए नई तारीखों के रूप में नौ से 11 नवंबर का प्रस्ताव रखा है।

लल्हरियातपुइया ने कहा, “हमें अभी तक इस मामले में असम से प्रतिक्रिया नहीं मिली है।” उन्होंने कहा कि हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के सहमत होने के बाद कार्यक्रम में कोई भी बदलाव किया जा सकता है।

कोशिशों के बावजूद असम के किसी अधिकारी से इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

मिजोरम असम के साथ 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है।

भाषा प्रशांत मनीषा

मनीषा