मिजोरम म्यांमा से मादक पदार्थों की तस्करी का नया मार्ग बना, पुलिस ने तेज की कार्रवाई

मिजोरम म्यांमा से मादक पदार्थों की तस्करी का नया मार्ग बना, पुलिस ने तेज की कार्रवाई

मिजोरम म्यांमा से मादक पदार्थों की तस्करी का नया मार्ग बना, पुलिस ने तेज की कार्रवाई
Modified Date: October 8, 2023 / 07:02 pm IST
Published Date: October 8, 2023 7:02 pm IST

आइजोल, आठ अक्टूबर (भाषा) मणिपुर में मौजूदा जातीय हिंसा के बीच पड़ोसी राज्य मिजोरम म्यांमा से मादक पदार्थों की तस्करी के नये मार्ग के रूप में उभरा है और पुलिस ने इसका मुकाबला करने के लिए प्रयास तेज कर दिये हैं।

अधिकारियों के अनुसार पुलिस कार्रवाई के फलस्वरूप सप्ताहभर के अंदर 60 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं तथा म्यांमा के दो नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर में तीन मई से जातीय हिंसा भड़कने के बाद 180 से अधिक लोगों की मौत हो गयी तथा सैंकड़ों अन्य घायल हो गये।

अधिकारियों ने बताया कि मणिपुर में जातीय हिंसा पर काबू की कोशिश के बीच मादक पदार्थों के तस्कर म्यांमा से तस्करी के वास्ते मिजोरम को नया मार्ग बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों के खिलाफ हमारी कार्रवाई जारी है और मिजोरम पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ की तस्करी मिजोरम के लिए चिंता की वजह बनी हुई है जहां इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

शुक्ला ने कहा कि कानून व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ सुचारू एवं शांतिपूर्ण विधानसभा चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मादक पदार्थों की समस्या का मुकाबला करने की हरसंभव कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के फलस्वरूप भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार चार अक्टूबर को आइजोल जिले की विशेष शाखा की टीम ने जेम्बावक पूर्व में एक वाहन को पकड़ा तथा एक म्यांमा निवासी से 34 करोड़ रुपये मूल्य का 11.6 किलोग्राम मेथमफेटामाइन (एक प्रकार का मादक पदार्थ) जब्त किया।

उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में तीन अक्टूबर को लेंगपुई हवाई अड्डे पर 38 वर्षीय महिला को 31 करोड़ रुपये मूल्य के 10.4 किलोग्राम मेथमफेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया गया।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में