मिजोरम : भाजपा नेता निरुपम चकमा ने चकमा स्वयत्त परिषद के अध्यक्ष पद की शपथ ली

Ads

मिजोरम : भाजपा नेता निरुपम चकमा ने चकमा स्वयत्त परिषद के अध्यक्ष पद की शपथ ली

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 05:06 PM IST

आइजोल, आठ जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता निरुपम चकमा ने बुधवार को चकमा स्वायत्त जिला परिषद (सीएडीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) के तौर पर शपथ ली। इसी के साथ परिषद में गत एक साल से जारी राज्यपाल शासन समाप्त हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि कमला नगर में परिषद के कला एवं संस्कृति सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लॉंग्तलाई के उपायुक्त डॉनी लालरुअतसांगा ने चकमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला परिषद और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सी. लालसाविवुंगा, भाजपा में मिजोरम के प्रभारी देबेश कुमार, सीएडीसी के सदस्य और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य में 23 जून को सत्तारूढ़ जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और भाजपा ने औपचारिक रूप से गठबंधन किया और निरुपम चकमा के नेतृत्व में ‘चकमा लोकतांत्रिक गठबंधन विधायी पार्टी ’ बनाई, जिन्होंने सीएडीसी में कार्यकारी निकाय बनाने का दावा पेश किया।

मौजूदा समय में 20 सदस्यीय सीएडीसी में 10 सदस्य भाजपा के जबकि नौ सीट पर जेडपीएम काबिज है। चकमा को राज्यपाल ने तीन जुलाई को सीईएम नामांकित किया था।

नियुक्ति की शर्तों के मुताबिक चकमा को सात दिनों के भीतर परिषद में अपना बहुमत साबित करना होगा। अधिकारियों ने बताया कि बहुमत साबित करने के लिए नौ जुलाई को परिषद की बैठक बुलाई गई है।

चकमा पूर्व में राज्य विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और 1989 से 1998 के बीच राज्य मंत्री के तौर पर कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी।

सीएडीसी के लिए 2023 में हुए चुनावों में चकमा कमला नगर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। उन्हें 2024 में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी)का सदस्य नियुक्त किया गया।

चकमा ने शपथ लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह परिषद के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।

राजनीतिक अस्थिरता की वजह से सीएडीसी पर सात जुलाई 2025 से सात जुलाई 2026 तक राज्यपाल शासन रहा।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

पवनेश