आइजोल, 12 नवंबर (भाषा) मिजोरम की सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और मुख्य विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने लाई स्वायत्त जिला परिषद (एलएडीसी) चुनाव के लिए बुधवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की।
राज्य के तीन स्वायत्त जिलों में से एक में 25 सदस्यीय एलएडीसी के लिए मतदान तीन दिसंबर को होगा और मतगणना नौ दिसंबर को की जाएगी।
जेडपीएम अध्यक्ष लाल्लियानसावट ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में 25 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।
उन्होंने बताया कि पार्टी की आठ सदस्यीय समिति ने 116 इच्छुक उम्मीदवारों में से सर्वश्रेष्ठ संभावित प्रत्याशियों का चयन किया। अंतिम 25 नाम गुप्त मतदान के जरिए तय किए गए।
एमएनएफ अध्यक्ष जोरमथांगा ने भी यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।
पार्टी सभी 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल्लियानछुंगा ने कहा कि पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम 14 नवंबर को डंपा उपचुनाव के परिणाम आने के बाद घोषित करेगी।
वहीं भारतीय जनता पार्टी मीडिया संयोजक जॉनी लालथानपुइया ने बताया कि पार्टी अपनी सूची केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद जारी करेगी।
मिजोरम राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर है और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तय की गई है। पात्र मतदाताओं की कुल संख्या 56,873 है, जिसमें 29,019 महिलाएं शामिल हैं।
वर्ष 2020 में हुए पिछले एलएडीसी चुनाव में उस समय राज्य की सत्ताधारी पार्टी एमएनएफ ने 25 में से 20 सीटें जीती थीं जबकि भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिली थी। तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी निर्वाचित हुए थे।
मौजूदा परिषद का कार्यकाल 18 दिसंबर को समाप्त होगा।
एलएडीसी की स्थापना 1972 में छठी अनुसूची के तहत लाई जनजाति के लिए की गई थी। परिषद में 25 निर्वाचित और चार नामित सदस्य होते हैं।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश