नेमोम में चौबीसों घंटे खुला रहेगा विधायक कार्यालय: राजीव चंद्रशेखर
नेमोम में चौबीसों घंटे खुला रहेगा विधायक कार्यालय: राजीव चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम, 22 मई (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश मिलने के बाद, यहां नेमोम निर्वाचन क्षेत्र से नव-निर्वाचित भाजपा विधायक राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि लोगों की मदद के लिए विधायक कार्यालय चौबीसों घंटे खुला रहेगा।
यह कार्यालय जून के पहले सप्ताह में शुरू होगा और इस निर्वाचन क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे एम्बुलेंस सेवा भी मुहैया कराई जाएगी।
चंद्रशेखर भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई के अध्यक्ष भी हैं। वह इस बार केरल विधानसभा के लिए चुने गए भाजपा के तीन विधायकों में से एक हैं।
बृहस्पतिवार को निर्वाचन क्षेत्र के एस्टेट, करुमम और कलाडी वार्डों में आयोजित ‘नंदी नेमोम’ जन स्वागत सभाओं को संबोधित करते हुए, विधायक ने कहा कि नए कार्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को हर वक्त सहायता मिले, विशेष रूप से आपात स्थितियों में।
चौबीसों घंटे उपलब्ध एम्बुलेंस सेवा से उन मरीजों और उनके परिवारों सहायता मिलेगी जिन्हें देर रात चिकित्सा स्थितियों के दौरान समय पर परिवहन प्राप्त करने में कठिनाई होती है।
उन्होंने कहा, “नेमोम के लोगों ने मुझे उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए चुना है। विधायक कार्यालय एक ऐसा स्थान होना चाहिए जहां लोग दिन हो या रात, बिना किसी झिझक के संपर्क कर सकें।”
विधायक कार्यालय में सप्ताह में दो बार और भाजपा के राज्य कार्यालय में सप्ताह में एक बार सीधे संपर्क के अलावा, लोग उनसे फोन और ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि महापौर, उप-महापौर और पार्षदों को शामिल करते हुए वार्ड स्तर की सार्वजनिक संपर्क बैठकें भी हर दो महीने में एक बार आयोजित की जाएंगी।
भाषा तान्या शोभना
शोभना

Facebook


