रक्षा मंत्रालय ने टी-72, टी-90 टैंकों के लिए ‘एपीयू’ की खातिर 586 करोड़ रुपये का अनुबंध किया
रक्षा मंत्रालय ने टी-72, टी-90 टैंकों के लिए ‘एपीयू’ की खातिर 586 करोड़ रुपये का अनुबंध किया
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना की मशीनीकृत टुकड़ियों की परिचालन तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए टी-72 और टी-90 टैंकों के वास्ते सहायक विद्युत इकाइयां (एपीयू) खरीदने की खातिर सोमवार को एक समूह के साथ 586 करोड़ रुपये का अनुबंध किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में एक्यूरेट इंडस्ट्रियल कंट्रोल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ यह अनुबंध किया गया।
मंत्रालय ने कहा कि एपीयू टैंक के फायर कंट्रोल सिस्टम, फायरिंग सर्किट, तोप स्थिरीकरण प्रणाली और अन्य सहायक उपकरणों के लिए विद्युत ऊर्जा उपलब्ध कराने का वैकल्पिक स्रोत है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘देश में विकसित सहायक विद्युत इकाइयों को शामिल किए जाने से भारतीय सेना की मशीनीकृत टुकड़ियों की परिचालन तैयारियों, विश्वसनीयता और स्थायित्व को और सुदृढ़ किया जाएगा।’’
उसने कहा कि यह खरीद हथियारों के स्वदेशीकरण की दिशा में ‘‘महत्वपूर्ण कदम’’ है और उद्योग के नेतृत्व में अनुसंधान एवं विकास को दर्शाती है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह अनुबंध सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है और रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ हासिल करने तथा मजबूत, आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय रक्षा उद्योग के निर्माण की दिशा में ‘‘महत्वपूर्ण उपलब्धि’’ है।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


