आधुनिक अदालतें न्याय प्रदान करने के लिए अहम : उमर अब्दुल्ला

आधुनिक अदालतें न्याय प्रदान करने के लिए अहम : उमर अब्दुल्ला

आधुनिक अदालतें न्याय प्रदान करने के लिए अहम : उमर अब्दुल्ला
Modified Date: April 7, 2026 / 04:46 pm IST
Published Date: April 7, 2026 4:46 pm IST

जम्मू, सात अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि आधुनिक अदालती अवसंरचना न्याय प्रदान करने और विधि व्यवस्था में लोगों के विश्वास को पुख्ता करने के लिए अहम है।

अब्दुल्ला ने केंद्र शासित प्रदेश की जुड़वा राजधानियों जम्मू और श्रीनगर में उच्च न्यायालय परिसरों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और दोनों स्थानों पर खंडपीठों में न्यायिक बुनियादी ढांचे और संस्थागत क्षमता को बढ़ाने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्य सचिव अटल दुल्लू और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रवक्ता के मुताबिक अब्दुल्ला ने समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने और अंतर-विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए रायका स्थित जम्मू इकाई के लिए प्रशासनिक मंजूरी शीघ्र प्रदान करने का आह्वान किया

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आधुनिक न्यायालयों का बुनियादी ढांचा प्रभावी न्याय वितरण और कानूनी व्यवस्था में जनता के विश्वास को पुख्ता करने के लिए आवश्यक है।’’ उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा, गुणवत्ता मानकों और क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एनबीसीसी इस पूरी परियोजना को अमली जामा पहना रही है। परियोजना में मौजूदा उच्च न्यायालय को जानीपुर से जम्मू के रायका में एक विशेष रूप से निर्मित परिसर में स्थानांतरित करना शामिल है, जिसकी परिकल्पना एक आधुनिक, एकीकृत न्यायिक परिसर के रूप में की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में निचली अदालत परिसर के पुनर्निर्माण के प्रस्तावों की भी समीक्षा की।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में