मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में बने रहने का अधिकार खो दिया है: कांग्रेस

Ads

मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में बने रहने का अधिकार खो दिया है: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 12:49 AM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 12:49 AM IST

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में बने रहने का अपना अधिकार खो चुके हैं और दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक वरिष्ठ नेता ने ‘‘स्पष्ट रूप से स्वीकार किया है’’ कि मोदी ‘‘वाशिंगटन के इशारों पर नाच रहे हैं’’।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आरएसएस नेता राम माधव का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि भारत, ईरान और रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गया है और साथ ही अमेरिका द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क (टैरिफ) पर भी सहमति जता रहा है।

हालांकि, माधव ने बाद में माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने जो कहा वह ‘‘गलत था क्योंकि भारत ने रूस से तेल का आयात बंद करने पर सहमति नहीं दी थी। मैंने जो कहा वह गलत था। भारत ने कभी रूस से तेल का आयात बंद करने पर सहमति नहीं दी।’’

माधव, आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले के साथ अमेरिका के दौरे पर हैं और उन्होंने वाशिंगटन के हडसन इंस्टीट्यूट में एक कार्यक्रम में भाग लिया।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘आरएसएस के एक वरिष्ठ नेता द्वारा स्पष्ट स्वीकारोक्ति है कि प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के इशारों पर नाच रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक समय था जब अमेरिका का सातवां बेड़ा बंगाल की खाड़ी में था और भारत टस से मस नहीं हुआ। और एक आज की स्थिति है, जहां एक दबाव में काम करने वाले प्रधानमंत्री ने भारत की संप्रभुता अमेरिका को सौंप दी है।’’

वेणुगोपाल ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पूरा विपक्ष यही कहता आ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने विश्व मंच पर अपनी स्वतंत्र आवाज खो दी है।’’

वेणुगोपाल ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘इस आत्मसमर्पण के बाद, यह स्पष्ट है कि नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में बने रहने का अपना अधिकार खो दिया है।’’

भाषा

देवेंद्र धीरज

धीरज