बदायूं (उप्र), 12 जून (भाषा) गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को आम ले जा रहे एक पिकअप वाहन की अज्ञात वाहन से टक्कर हो जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना गंगा एक्सप्रेसवे पर मूसाझाग पुलिस थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे हुई जब लखनऊ के मलिहाबाद से आम की खेप लेकर पंजाब के बठिंडा जा रहा पिकअप वाहन एक अज्ञात वाहन से टकरा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान संभल निवासी बंटी (25) और मुरादाबाद निवासी राहुल (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो अन्य व्यक्तियों की पहचान अजय और पिकअप वाहन चालक अमर सिंह के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय निवासी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को क्षतिग्रस्त वाहन से निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और टक्कर में शामिल वाहन की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं जफर मनीषा सुरभि
सुरभि