अशांति, गुंडागर्दी की घटनाओं से निपटने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हूं : शुभेंदु अधिकारी

Ads

अशांति, गुंडागर्दी की घटनाओं से निपटने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हूं : शुभेंदु अधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 01:05 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 01:05 PM IST

कोलकाता, 12 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार की नीति अशांति, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों को ‘‘कतई बर्दाश्त न करने’’ की है और वह ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सत्ता में आने के बाद कुछ घटनाएं हुई हैं और हमने उनसे सख्ती से निपटा है। हमने स्पष्ट संदेश दिया है कि हमारी नीति अशांति, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों को ‘‘कतई बर्दाश्त न करने’’ की है। हम ऐसी चीजों को जारी नहीं रहने देंगे।’’

उन्होंने कहा कि वह ऐसी घटनाओं के खिलाफ किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘तोड़फोड़ करने वालों और कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सबसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के लिए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार से तुलना करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार असामाजिक तत्वों को जनजीवन बाधित करने की अनुमति नहीं देगी।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा