हर व्यक्ति के जीवन में मोदी का कुछ न कुछ प्रभाव है : ओडिशा के मुख्यमंत्री

हर व्यक्ति के जीवन में मोदी का कुछ न कुछ प्रभाव है : ओडिशा के मुख्यमंत्री

हर व्यक्ति के जीवन में मोदी का कुछ न कुछ प्रभाव है : ओडिशा के मुख्यमंत्री
Modified Date: June 20, 2026 / 09:36 pm IST
Published Date: June 20, 2026 9:36 pm IST

रायरंगपुर (ओडिशा), 20 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘हर व्यक्ति के जीवन में मोदी का कुछ न कुछ प्रभाव है।’’

माझी ने यह बात राज्य में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मंच पर मौजूद थे।

उन्होंने मोदी की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री के पदचिह्नों पर चलते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

माझी ने कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री, आप अभी-अभी सफल जी-7 शिखर सम्मेलन से लौटे हैं। आपकी यह यात्रा दर्शाती है कि भारत अब कतार के अंत में खड़ा रहने वाला देश नहीं है। आपने पिछले 12 वर्षों में यह दिखा दिया है कि वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव बढ़ा है।’’

मोदी ने 12 जून, 2024 को ओडिशा में राज्य की पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य के अपने हर दौरे में आप विकास की सौगातें लेकर आए हैं।’’

उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा 47,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के आरंभ और शिलान्यास का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर लिए हैं और सुशासन का यह दौर ‘‘भारत के गौरवशाली दिनों’’ का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हम 3.11 लाख करोड़ रुपये के 152 औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर चुके हैं, जिनसे रोजगार के लगभग 2.5 लाख अवसर सृजित हुए हैं। हमने सरकारी क्षेत्र में 44,000 से अधिक नौकरियां भी प्रदान की हैं।’’

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पलायन की समस्या से जूझने वाला ओडिशा जल्द ही ‘‘रिवर्स माइग्रेशन’’ यानी लोगों की वापसी का गवाह बनेगा।

‘डबल इंजन’ सरकार के लाभों को लेकर विपक्ष की आलोचना का जिक्र करते हुए माझी ने कहा कि ओडिशा में 90,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं और 40,000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपका पूरा जीवन भारत माता की सेवा को समर्पित रहा है। आप त्याग, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं। आपका शांत और सादगीपूर्ण जीवन आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। आप देशभर की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।’’

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति बनने से पहले मुर्मू ओडिशा में नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली भाजपा-बीजद गठबंधन सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। बाद में वह झारखंड की राज्यपाल बनीं और उसके बाद देश की राष्ट्रपति निर्वाचित हुईं।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में