केदारनाथ दर्शन के बाद चीनी सरहद पर जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे मोदी
केदारनाथ दर्शन के बाद चीनी सरहद पर जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दीवाली के मौके पर केदारनाथ में रहेंगे और मंदिर में पूजा करेंगे। फिलहाल केदारनाथ में चारों तरफ बर्फ की चादर बिछी है। यहां तापमान माइनस आठ डिग्री सेल्सियस के करीब है। सूत्रों ने बताया कि मोदी मंदिर में पूजा करेंगे और मंदिर में पुनर्निर्माण और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। केदारनाथ में 2013 में विनाशकारी बाढ़ आई थी। प्रधानमंत्री पिछली बार केदारनाथ अक्टूबर 2017 में गए थे। उनकी यात्रा मंदिर के कपाट सर्दियों के लिए बंद होने से कुछ वक्त पहले हुई थी। पीएम मोदी अपने शुरुआती जीवन में केदारनाथ जा चुके हैं। केदारनाथ से उनका पुराना नाता रहा है।
पढ़ें-दिवाली में पांच दिन बैंक कार्य होंगे प्रभावित, बंद रहेंगे बैंक
केदारनाथ दर्शन के बाद शाम को पीएम मोदी इस बार उत्तराखंड में चीन से लगने वाली सरहद पर सेना और आईटीबीपी के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, मोदी जवानों के साथ चाय-नाश्ता भी करेंगे। ऐसा पहली बार नहीं है कि मोदी जवानों के साथ दीपावली मना रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सियाचिन में जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। 2015 में दिवाली पर वह पंजाब सीमा पर गए थे। उनकी यह यात्रा संयोगवश 1965 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुई जंग के 50 साल होने पर हुई थी।
पढ़ें-महिला पुलिस अधिकारी ने वरिष्ठ अफसर पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप, मी टू में
साल 2016 में प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश गए थे, जहां उन्होंने एक चौकी पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के कर्मियों के साथ वक्त बिताया था। साल 2017 में प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी चौथी दिवाली जम्मू-कश्मीर के गुरेज में सैनिकों के साथ मनाई थी। पीएम मोदी के नक्शे-कदम पर चलते हुए इस बार रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी में चीन से लगने वाली सरहद पर सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगी।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


