भुवनेश्वर, 29 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगले महीने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में शामिल होने की संभावना है।
माझी ने भुवनेश्वर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के एक कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्हें इस अवसर पर ओडिशा आने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस यात्रा को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है।’’
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित यात्रा के लिए 12 जून, 20 जून और प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर की तारीखों पर विचार किया जा रहा है।
मोदी ने 12 जून 2024 को माझी और भाजपा मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था। भाजपा ने ओडिशा में नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार के 24 साल के शासन को समाप्त कर सत्ता हासिल की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए राज्य में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं लेकिन अंतिम कार्यक्रम की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
भाषा
सिम्मी गोला
गोला