राजस्थान में मानसून आगे बढ़ा, कई जगह जोरदार बारिश
राजस्थान में मानसून आगे बढ़ा, कई जगह जोरदार बारिश
जयपुर, आठ जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही अनेक जगह पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर अभी कुछ दिन जारी रहेगा।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कई स्थानों पर बादलों की गरज एवं बिजली की चमक के साथ तेज हवाएं चलीं। इस दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं कहीं पर भारी बारिश हुई। सबसे अधिक 96.0 मिलीमीटर बारिश रामगंज मंडी (कोटा) में हुई।
मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून और आगे बढ़ा है। आगामी दो दिनों में बीकानेर संभाग व शेष भागों में मानसून के आगे बढ़ने की पूरी उम्मीद है। इसके असर से आज और कल दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने का अनुमान है। हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।
राज्य के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने व एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा

Facebook


