झारखंड में मानसून का आगमन, दो जिलों में पूरी तरह छाया
झारखंड में मानसून का आगमन, दो जिलों में पूरी तरह छाया
रांची, 21 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिमी मानसून शुक्रवार को झारखंड में प्रवेश कर गया और यह राज्य के 24 में से दो जिलों में पूरी तरह छा गया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दक्षिणी-पश्चिम मानसून ने राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से से प्रवेश किया और साहेबगंज व पाकुड़ जिलों को आच्छादित कर चुका है।
झारखंड में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून है। हालांकि, रांची मौसम विज्ञान केंद्र के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2010 से मानसून 12 से 25 जून के बीच झारखंड में प्रवेश करता है।
2023 में झारखंड में मानसून का आगमन 19 जून को हुआ था।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दक्षिण-पश्चिम मानसून शुक्रवार को झारखंड पहुंच गया और साहेबगंज और पाकुड़ जिलों पर छा गया है। अगले तीन-चार दिनों में राज्य के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।’’
उन्होंने कहा कि एक जून से 30 सितंबर तक मौसमी बारिश के सामान्य रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में जून में कम बारिश हो सकती है, लेकिन जुलाई में इसमें तेजी आएगी।’’
राज्य में एक से 21 जून तक 65 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में 101.5 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले 36 मिलीमीटर बारिश हुई है। सबसे ज्यादा गढ़वा जिला प्रभावित हुआ जहां 91 प्रतिशत कम बारिश हुई।
रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में बृहस्पतिवार शाम से रुक-रुककर बारिश हो रही है और शुक्रवार को भी बारिश जारी रही। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 74.5 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में दर्ज की गई। बारिश के कारण झारखंड में भीषण गर्मी से राहत मिली है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश

Facebook


