देश के अधिकांश भागों में मानसून कमजोर रहा, उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी
देश के अधिकांश भागों में मानसून कमजोर रहा, उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) देश के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को कमजोर रहा और मुख्य रूप से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को जारी अपने दैनिक बुलेटिन में अगले 2-3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, अगले 4-5 दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मानसून के कमजोर रहने का पूर्वानुमान किया है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से 126 मार्ग अवरुद्ध हो गए जबकि देहरादून में एक निर्माणाधीान भवन की दीवार ढहने से एक महिला घायल हो गई।
इस बीच, पिछले तीन दिन से राज्य के स्यानाचट्टी में भूस्खलन के कारण बंद पड़े यमुनोत्री राजमार्ग को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 126 मार्ग भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं।
एसईओसी के अनुसार, देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पिछले साल आई आपदा के दौरान बहे पुल की जगह बनाया गया अस्थाई पुल रविवार तड़के आई भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहा और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मंडी जिले के जोगिंदरनगर में शनिवार शाम से पिछले 24 घंटों में 60 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद, मनाली में 45 मिमी, सराहन में 38.5 मिमी, रोहड़ू में 25 मिमी और शिमला में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई।
शिमला शहर की जीवनरेखा माने जाने वाली कार्ट रोड पर कुछ घंटों के लिए यातायात ठप हो गया, जब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) मुख्यालय के सामने लिफ्ट के पास सड़क पर मलबा और पेड़ गिर गया।
राष्ट्रीय राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक जबकि बाकी हिस्सों में यह सामान्य रहा। आईएमडी ने अगले सात दिनों तक दिल्ली में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में शुष्क मौसम का दौर जारी रहा, जिससे राज्य के तापमान में बढ़ोतरी हुई। श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद, बीकानेर में 39.3 डिग्री, बाड़मेर और जैसलमेर में 39-39 डिग्री तथा चूरू में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में अगले पांच-छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की है। आईएमडी ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के कारण 14 जुलाई तक राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उप-हिमालयी जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद 14 जुलाई तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के बांका, बीरभूम, पूर्वी और पश्चिमी बर्धमान, नदिया तथा मुर्शिदाबाद जिलों में भी 14 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे तक के पिछले 24 घंटों में कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी में राज्य में सबसे अधिक 89 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


