झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र छह अगस्त से, राज्य मंत्रिमंडल ने कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र छह अगस्त से, राज्य मंत्रिमंडल ने कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र छह अगस्त से, राज्य मंत्रिमंडल ने कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी
Modified Date: July 21, 2026 / 10:39 pm IST
Published Date: July 21, 2026 10:39 pm IST

रांची, 21 जुलाई (भाषा) झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आगामी छह अगस्त से शुरू होगा, जिसमें कुल पांच कार्य दिवस होंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘मंत्रिमंडल ने छठी झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र छह से 12 अगस्त तक आयोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सत्र के दौरान कुल पांच कार्य दिवस होंगे।’

मंत्रिमंडल ने राज्य में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक एकल इंजन हेलीकॉप्टर किराए पर लेने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी।

सिंह ने बताया कि इस सेवा पर सालाना लगभग 9.45 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।

उन्होंने कहा, ‘इस सेवा का उपयोग सुदूर और दुर्गम इलाकों से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने या एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने के लिए किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जाएगी।’

बैठक में कुल 49 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें ‘ई-शिक्षा कनेक्ट’ कार्यक्रम के तहत राज्य के 1,000 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित वर्चुअल कक्षाओं की व्यवस्था करना शामिल है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में