ओडिशा में 45 हजार से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर एसआईआर सर्वेक्षण शुरू किया

ओडिशा में 45 हजार से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर एसआईआर सर्वेक्षण शुरू किया

ओडिशा में 45 हजार से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर एसआईआर सर्वेक्षण शुरू किया
Modified Date: May 30, 2026 / 04:13 pm IST
Published Date: May 30, 2026 4:13 pm IST

भुवनेश्वर, 30 मई (भाषा) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत घर-घर जाकर व्यापक सर्वेक्षण करने के लिए शनिवार को पूरे ओडिशा में 45,000 से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) तैनात किए गए। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एस गोपालन ने दी।

गोपालन ने कहा कि यह अभियान पुरी में भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि से शुरू हुआ, जिसमें 45,255 बीएलओ राज्य के सभी 147 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वेक्षण के लिए तैनात किए गए, जो 30 मई से 28 जून तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने पत्रकारों को बताया, “लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं को केवल आवश्यक प्रपत्रों पर हस्ताक्षर करने होंगे, उन्हें मतदाता सूची (एसआईआर) के लिए किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। किसी भी वास्तविक नागरिक को एसआईआर के दौरान कोई कठिनाई नहीं होगी।”

सीईओ ने कहा कि बीएलओ ने सराहनीय कार्य किया है, क्योंकि लगभग 95 प्रतिशत मतदाताओं का मिलान 2002 की मतदाता सूची से किया गया है, जब ओडिशा में पिछली बार एसआईआर किया गया था।

गोपालन ने कहा, “मैं लोगों से यह भी अनुरोध करता हूं कि वे एसआईआर कवायद से संबंधित निराधार अफवाहों पर ध्यान न दें। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रक्रिया नियमों के अनुसार और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो।”

उन्होंने बताया कि राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए, बीएलओ प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से पहले घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और अपराह्न तीन बजे से शाम 5 बजे तक बूथ पर मौजूद रहेंगे।

सीईओ ने बताया कि अधिकारी गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, लोगों को उन्हें भरने में सहायता करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रपत्र में व्यक्तिगत विवरण, पारिवारिक जानकारी और 2002 की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर किए जाने वाले सर्वेक्षण के दौरान अधिकारी प्रविष्टियों का सत्यापन करेंगे और छोटी-मोटी त्रुटियों को दूर करेंगे।

गोपालन ने कहा कि बीएलओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने बताया कि मसौदा मतदाता सूची 5 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी और अंतिम सूची 6 सितंबर को जारी की जाएगी।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में