92 लाख से अधिक परिवारों ने जनगणना के पहले चरण में स्वगणना सुविधा का उपयोग किया:आरजीआई

92 लाख से अधिक परिवारों ने जनगणना के पहले चरण में स्वगणना सुविधा का उपयोग किया:आरजीआई

92 लाख से अधिक परिवारों ने जनगणना के पहले चरण में स्वगणना सुविधा का उपयोग किया:आरजीआई
Modified Date: May 7, 2026 / 10:35 pm IST
Published Date: May 7, 2026 10:35 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) जनगणना के पहले चरण के दौरान अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 92 लाख से अधिक परिवारों ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना (एसई) सुविधा का उपयोग किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना सुविधा भारत के महापंजीयक (आरजीआई) द्वारा शुरू की गई अपनी तरह की प्रथम पहल है, जो नागरिकों को जनगणना के पहले चरण के दौरान जनगणना से संबंधित प्रश्नों का ऑनलाइन उत्तर देने की सुविधा प्रदान करती है।

भारत के पंजीयक और जनगणना आयुक्त ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में जनगणना के पहले चरण – गृह सूचीकरण और आवास जनगणना (एचएलओ) – के लिए जन जागरूकता अभियान के तहत छह जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली छावनी क्षेत्रों के लिए एचएलओ चरण 15 मई को समाप्त हुआ, जबकि राष्ट्रीय राजधानी के शेष हिस्सों में यह 14 जून, 2026 तक जारी रहेगा।

सरकार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘जनगणना जागरूकता वाहन दिल्ली भर जायेंगे तथा जनगणना में भागीदारी, स्व-गणना (एसई) सुविधा, जनगणना 2027 की प्रमुख विशेषताओं और क्षेत्र भ्रमण के दौरान गणनाकर्ताओं के साथ जनता के सहयोग के महत्व के बारे में संदेश देंगी।’’

आरजीआई ने पहली बार एसई सुविधा शुरू की है, जिससे नागरिक इस उद्देश्य के लिए विकसित एक विशेष वेबसाइट पर अधिसूचित 33 प्रश्नों के उत्तर दे सकेंगे। इस प्रक्रिया के बाद बनी आईडी को क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनगणना अधिकारी को सौंप दिया जाएगा।

आरजीआई ने कहा, ‘‘अब तक 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 92 लाख परिवारों ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।’’

स्वतंत्रता के बाद से आठवीं जनगणना दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहला चरण एचएलओ है और दूसरा चरण जनसंख्या जनगणना है।

भाषा राजकुमार माधव

माधव


लेखक के बारे में