तिरुवनंतपुरम, 14 जुलाई (भाषा) वियतनाम में नौका हादसे में मारे गए केरल के दो लोगों के पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह यहां लाए गए।
कोट्टारक्करा के ए सी थॉमस (57) और उनकी पत्नी लोवेनी थॉमस (56) के शव मंगलवार सुबह तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे लाए गए और आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें एंबुलेंस से उनके गृह नगर कोट्टारक्करा ले जाया जाएगा।
यहां हवाई अड्डे के कार्गो क्षेत्र में शव सौंपने की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी किए जाने के दौरान, गमगीन रिश्तेदार दोनों ताबूतों के आसपास खड़े रहे।
केरल के मंत्री पी सी विष्णुनाध और सी पी जॉन के साथ कांग्रेस सांसद कोडिकुन्निल सुरेश भी उस समय हवाई अड्डे पर मौजूद थे जब विमान से ए सी थॉमस और उनकी पत्नी लोवेनी थॉमस के शव तिरुवनंतपुरम लाए गए। उन्होंने ताबूतों पर पुष्पचक्र अर्पित कर दंपति को श्रद्धांजलि दी।
शवों को एअर इंडिया की उड़ान से मुंबई से तिरुवनंतपुरम लाया गया।
वियतनाम के मीडिया की खबरों के अनुसार, शनिवार को हुए स्पीडबोट हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी।
मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे।
वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, फू क्वोक द्वीप के निकट होन मे रुत नगोई क्षेत्र के पास 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार स्थानीय सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश