रांची, 14 फरवरी (भाषा) झारखंड के दुमका जिले में एक महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया था और विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम को तब हुई जब 35 वर्षीय महिला अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ वीर कुंवर सिंह चौक के पास खड़ी थी।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) विजय कुमार महतो ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर महिला और उसकी बेटी को एक खाली पड़े पुलिस अधिकारी के घर के पास ले गया और वहां महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी और बच्ची का भी गला घोंट दिया।
महतो ने कहा, ‘आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।’ उन्होंने बताया कि दोनों की हत्या मंगलवार रात को की गई थी तथा उनके शव बुधवार को अधिकारी के घर के पास से बरामद किए गए।
पुलिस ने गांडो गांव के निवासी आरोपी के पास से 5,000 रुपये भी बरामद किए हैं, जो उसने कथित तौर पर हत्या के बाद महिला के पर्स से निकाले थे।
एसडीपीओ ने बताया कि सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना