अग्निवीर भर्ती के लिए यूएई से बेटे की वतन वापसी को लेकर मां ने तेलंगाना सरकार से गुहार लगाई
अग्निवीर भर्ती के लिए यूएई से बेटे की वतन वापसी को लेकर मां ने तेलंगाना सरकार से गुहार लगाई
हैदराबाद, 26 जुलाई (भाषा) तेलंगाना की एक महिला ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कार्यरत अपने बेटे की स्वदेश वापसी में मदद के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से गुहार लगाई है, ताकि वह भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ भर्ती परीक्षा में शामिल हो सके।
महिला का कहना है कि उसका बेटा यूएई में काम करता है, लेकिन उसका नियोक्ता उसका वीजा निरस्त करने के लिए एक लाख रुपये से अधिक की राशि मांग रहा है, जिसे वह चुकाने में असमर्थ है।
तेलंगाना के जगित्याल जिले की निवासी कोपार्थी सुमालथा ने हैदराबाद स्थित सरकारी ‘प्रजा भवन’ में मुख्यमंत्री के ‘प्रवासी प्रजावाणी’ काउंटर पर पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।
महिला ने बताया कि उसका बेटा अभिलाष खाड़ी देशों में भर्ती करने वाली लाइसेंस प्राप्त एजेंसी के माध्यम से पर्यटक वीजा पर आठ जुलाई को मुंबई से अबू धाबी गया था। इसके बाद 13 जुलाई को उसे रोजगार वीजा जारी किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 14 जुलाई को अभिलाष को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें उसे सूचित किया गया कि भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ भर्ती रैली के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए उसका चयन हुआ है।
महिला के अनुसार, जिस कंपनी में उसका बेटा कार्यरत है, उसने 4,100 यूएई दिरहम (करीब 1.08 लाख रुपये) का वीजा निरस्तीकरण शुल्क जमा होने तक उसे कार्यमुक्त करने से इनकार कर दिया है।
तेलंगाना सरकार की प्रवासी भारतीय (एनआरआई) सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष मंधा भीम रेड्डी ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
भीम रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि राज्य सरकार अभिलाष की स्वदेश वापसी में सहायता के लिए अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास को पत्र लिखेगी।
उन्होंने कहा कि अबू धाबी में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
भाषा प्रचेता खारी
खारी

Facebook


