नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन(एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं जिसका उद्देश्य राजधानी की संस्कृति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ आईसीसीआर को सांस्कृतिक कूटनीति से जुड़े उसके दायित्वों को पूरा करने में भी सहयोग करना है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने (सीएमओ) ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में हुए इस समझौते के अंतर्गत दिल्ली के स्थापित व युवा कलाकारों को आईसीसीआर की प्रतिष्ठित ‘होराइजन सीरीज’ और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सवों में सहभागिता का सीधा अवसर मिलेगा।
इसमें कहा गया है कि दिल्ली सरकार प्रदर्शन कला, साहित्य, मूर्तिकला, वस्त्र, वास्तुकला, पाक-कला और हस्तशिल्प जैसे विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आईसीसीआर के साथ सूचीबद्ध करेगी।
बयान के मुताबिक, आईसीसीसार से जुड़े विदेशी छात्रों के लिए दिल्ली में अध्ययन शिविर और परिचयात्मक दौरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे राजधानी के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, आईसीसीआर के अंतरराष्ट्रीय छात्र नेटवर्क के बीच दिल्ली के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस सहमति पत्र के अंतर्गत दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी के लिए आवश्यक खर्च दिल्ली सरकार द्वारा वहन किया जाएगा और आईसीसीआर अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों की पहचान, वीजा और भारत यात्रा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा।
बयान में कहा गया है कि विदेश में आयोजित कार्यक्रमों में दिल्ली के कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की भागीदारी के लिए घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा, परिवहन, वीजा और आवश्यक सरकारी मंजूरियों से जुड़े खर्च दिल्ली सरकार द्वारा वहन किए जाएंगे जबकि आईसीसीआर की ओर से कलाकारों के अंतरराष्ट्रीय प्रवास, प्रस्तुतियों, प्रचार-प्रसार और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह साझेदारी दिल्ली की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को देश-दुनिया के व्यापक मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है जिससे दिल्ली के कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलेंगे तथा विदेशी कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के माध्यम से दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संवाद को भी बढ़ावा मिलेगा।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर संबंधी कार्यक्रम के दौरान दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव