सांसद रशीद बीमार पिता से मिलने श्रीनगर के अस्पताल गए

सांसद रशीद बीमार पिता से मिलने श्रीनगर के अस्पताल गए

सांसद रशीद बीमार पिता से मिलने श्रीनगर के अस्पताल गए
Modified Date: April 30, 2026 / 06:11 pm IST
Published Date: April 30, 2026 6:11 pm IST

श्रीनगर, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय से एक सप्ताह की अंतरिम जमानत मिलने के बाद, लोकसभा सदस्य शेख अब्दुल रशीद बृहस्पतिवार को अपने बीमार पिता से मिलने श्रीनगर स्थित अस्पताल पहुंचे।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के बारामूला से सांसद इंजीनियर रशीद आज दोपहर श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंचे और बीमार पिता से मिलने के लिए सीधे एसएमएचएस अस्पताल गए।

मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने रशीद को एक सप्ताह की अंतरिम जमानत दी ताकि वह अपने बीमार पिता से मिल सकें।

न्यायमूर्ति प्रतिभा एम सिंह और न्यायमूर्ति मधु जैन की पीठ ने हालांकि स्पष्ट किया कि आतंकवाद के वित्तपोषण मामले में जेल में बंद रशीद को उस अस्पताल में जाना होगा, जहां उनके पिता भर्ती हैं, या फिर घर पर रहना होगा।

पीठ ने कहा कि अंतरिम जमानत अवधि के दौरान रशीद के साथ सादी वर्दी में कम से कम दो पुलिस अधिकारी हर समय मौजूद रहेंगे और रशीद को उनकी यात्रा का खर्च वहन नहीं करना होगा।

अदालत ने यह भी कहा कि एक सप्ताह की अवधि के दौरान, परिवार के करीबी सदस्यों के अलावा किसी भी अन्य ‘‘आगंतुक’’ को रशीद से मिलने की अनुमति नहीं होगी।

अदालत ने यह आदेश रशीद की उस अपील पर सुनवाई करते हुए दिया, जिसमें उन्होंने निचली अदालत के 24 अप्रैल के अंतरिम जमानत नहीं देने के फैसले को चुनौती दी थी।

बारामूला के सांसद, जिन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में उमर अब्दुल्ला को हराया था, जम्मू कश्मीर में अलगाववादियों और आतंकी समूहों को वित्तीय सहायता देने के आरोपों में मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

भाषा

शफीक सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में