पुंछ/जम्मू, 22 मार्च (भाषा) कश्मीर को देश के शेष भाग से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग ‘मुगल रोड’ रविवार को वाहनों के लिए फिर से खोल दिया गया जो भारी हिमपात के कारण लगभग 10 दिन से बंद था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह 84 किलोमीटर लंबा मार्ग दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी जिलों से जोड़ता है।
जीआरईएफ के कमांडिंग ऑफिसर आशीष गुप्ता ने कहा कि मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘मौसम साफ होते ही हमने मुगल रोड से बर्फ हटाई और आज दोपहर तक सफाई का काम पूरा कर लिया। इसके बाद वाहनों को कश्मीर की ओर तथा कश्मीर से पुंछ की ओर जाने की अनुमति दे दी गई।’’
अधिकारी ने बताया कि शोपियां से पहली गाड़ी पुंछ पहुंच गई।
गुप्ता ने कहा कि यात्री और मालवाहक दोनों प्रकार के वाहनों को अनुमति दे दी गई है।
स्थानीय निवासियों ने मार्ग के पुन: खुलने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रों के बीच यात्रा में काफी आसानी होगी।
पुंछ निवासी लियाकत हुसैन ने संपर्क बहाल करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और प्रशासन को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे श्रीनगर तक की हमारी यात्रा का समय घटकर लगभग छह घंटे रह जाएगा।’’
वहीं, एक अन्य निवासी शकील अहमद ने कहा कि मार्ग बंद होने के कारण चिकित्सा सेवाओं सहित आवश्यक यात्रा बाधित हुई।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश