नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) दूरसंचार ढांचा कंपनी एसएआर टेलीवेंचर ने नियामकीय मंजूरी मिलने में देरी के कारण इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी तिकोना इन्फिनेट के अधिग्रहण के लिए 669 करोड़ रुपये का सौदा रद्द कर दिया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एसएआर टेलीवेंचर ने 2024 में शेयरों की अदला-बदली के समझौते के तहत तिकोना इन्फिनेट में 91 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 669 करोड़ रुपये में खरीदने का समझौता किया था।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने सात सितंबर, 2026 को हुई बैठक में चार अप्रैल, 2025 को एनएसई में दिए गए उस आवेदन को वापस लेने की मंजूरी दे दी, जो तिकोना इन्फिनेट के प्रस्तावित अधिग्रहण के तहत कंपनी के 1.26 करोड़ इक्विटी शेयर जारी करने से संबंधित था।
एसएआर टेलीवेंचर ने 29 अक्टूबर, 2024 को तिकोना इन्फिनेट के शेयरधारकों के साथ शेयर खरीद समझौता किया था।
कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित सौदे की समीक्षा और एनएसई से जरूरी मंजूरी मिलने में हुई अत्यधिक देरी को देखते हुए निदेशक मंडल ने 29 अक्टूबर, 2024 को तिकोना के शेयरधारकों और कंपनी के बीच हुए शेयर खरीद समझौते को रद्द करने की भी मंजूरी दे दी है।
तिकोना इन्फिनेट का अधिग्रहण होने से एसएआर टेलीवेंचर के इंटरनेट सेवा कारोबार का विस्तार हो सकता था।
भाषा
योगेश अजय
अजय