नोएडा में मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार

नोएडा में मुठभेड़ के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: May 26, 2026 / 12:30 am IST
Published Date: May 26, 2026 12:30 am IST

नोएडा 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की थाना फेस-1 पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास मामले के फरार आरोपी को सोमवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि 24 मई की देर रात हरौला गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और उनकी दो बेटियों पर हरनाम सिंह ने जानलेवा हमला किया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने चारों पर छुरे से ताबड़तोड़ वार किए थे। गंभीर रूप से घायल सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने संजू देवी को मृत घोषित कर दिया, वहीं सुरेंद्र शर्मा और उनकी दोनों बेटियों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी हरनाम सिंह बरेली का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले के पास स्कूटी से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अवरोधक लगाकर जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि स्कूटी सवार आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सुरेंद्र शर्मा की एक बेटी से एकतरफा प्रेम करता था और उसने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे परिवार ने ठुकरा दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

मामले की जांच जारी है।

भाषा शोभना

शोभना


लेखक के बारे में