मिजोरम पुलिस की हिरासत से हत्या का आरोपी फरार

Ads

मिजोरम पुलिस की हिरासत से हत्या का आरोपी फरार

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 06:12 PM IST

आइजोल, एक सितंबर (भाषा) मिजोरम के लुंगलेई जिले में 15 वर्षीय लड़की की हत्या का आरोपी मंगलवार तड़के पुलिस हिरासत से फरार हो गया जिसके बाद उसकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

लुंगलेई पुलिस के अनुसार, लड़की की हत्या का मुख्य आरोपी मुआलथुआम नॉर्थ गांव निवासी 20 वर्षीय डेंगमिंगथांगा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था और वह सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में उसे सोमवार को लुंगलेई जिला जेल से लुंगलेई थाने लाया गया था।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि डेंगमिंगथांगा के ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत इसकी सूचना दें।

डेंगमिंगथांगा को 20 अगस्त को उसी गांव के रहने वाले लालनेहकिमा (34) के साथ लड़की की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। लड़की पांच अगस्त को लापता हुई थी और दो दिन बाद उसका शव मुआलथुआम नॉर्थ स्थित एक सरकारी स्कूल के पास मिला था।

पुलिस ने बताया कि व्यापक पूछताछ और सबूतों की जांच के बाद अपराध कबूल करने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया था।

हत्या के मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

इस बीच, यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) के लुंगलेई उप-मुख्यालय ने भी अपने कार्यकर्ताओं को फरार आरोपी को पकड़ने में पुलिस की मदद करने का निर्देश दिया है।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश