(फाइल फोटो के साथ जारी)
रांची, 28 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पश्चिम बंगाल और असम में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
पासवान ने रांची हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि पार्टी कई राज्यों में अपने आधार का विस्तार कर रही है और उसके झारखंड एवं नगालैंड में पहले से ही विधायक हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सांसद राजेश वर्मा ने हाल में असम और पश्चिम बंगाल का दौरा किया था। वह आकलन करने के लिए होली के बाद फिर इन दोनों राज्यों का दौरा करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके आकलन के बाद पार्टी की संसदीय समिति दोनों राज्यों में चुनाव लड़ने पर अंतिम फैसला करेगी।’’
पासवान झारखंड में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
उन्होंने आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा, ‘‘प्राथमिकता यह सुनिश्चित करने की है कि वास्तव में बिहार से जुड़े मुद्दे उठा सकने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के (बिहार के) सभी पांच मजबूत उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हों। इसके लिए नाम बहुत जल्द घोषित किए जाएंगे।’’
पासवान ने कहा कि इस मुद्दे पर सहयोगी दलों के बीच बातचीत जारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई बार मेरी मां का नाम सामने आया है लेकिन वह सक्रिय राजनीति में नहीं आना चाहतीं।’’
भाषा सिम्मी माधव
माधव