गुजरात के मोरबी में कुएं में रहस्यमयी लहरें उठीं
गुजरात के मोरबी में कुएं में रहस्यमयी लहरें उठीं
मोरबी, छह अगस्त (भाषा) गुजरात में मोरबी जिले के एक दूरदराज गांव में स्थित 18 फुट गहरे कुएं में पिछले पांच दिन से लगातार उठ रहीं रहस्यमयी लहरों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस असामान्य घटना के पीछे किसी प्रकार की भूकंपीय गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं।
इस अनोखी घटना को देखने के लिए ग्रामीणों, राहगीरों और राजमार्ग से गुजरने वाले लोगों की बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जुट रही है। पिछले पांच दिनों से जारी इस घटना ने लोगों में कौतूहल के साथ-साथ संभावित भूकंप की आशंका भी पैदा कर दी है।
जिला भूवैज्ञानिक जे. एस. वढेर ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह घटना भूकंपीय गतिविधि से जुड़ी नहीं लगती।
उन्होंने बताया कि ऊपरी क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद भूजल का पुनर्भरण हो रहा है और चट्टानों के सूक्ष्म छिद्रों में फंसी हवा बाहर निकल रही है, जिससे कुएं के पानी में लगातार हलचल हो रही है।
वढेर ने बताया कि गांधीनगर स्थित भूकंप अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) से भी इस संबंध में परामर्श किया गया है, जिसने पुष्टि की है कि संबंधित क्षेत्र में कोई सक्रिय भ्रंश रेखा (फॉल्ट लाइन) नहीं है।
मोरबी के जिला कलेक्टर स्वप्निल खरे ने कहा कि घटना की जानकारी राज्य सरकार को दे दी गई है और गांधीनगर से विशेषज्ञों की एक टीम जांच के लिए मौके पर पहुंचेगी।
जिस खेत में यह कुआं स्थित है, उसके मालिक प्राणजीवन सदारिया ने बताया कि उन्होंने दो अगस्त को पहली बार यह असामान्य गतिविधि देखी।
उन्होंने कहा, ‘‘रविवार को जब मैं खेत पर पहुंचा तो कुएं का पानी किनारों से बाहर निकल रहा था और तब से लगातार ऐसा ही हो रहा है।’’
सदारिया ने बताया कि इस कुएं का निर्माण लगभग तीन महीने पहले ही कराया गया था।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


