कोहिमा, नौ अप्रैल (भाषा) नगालैंड के मोकोकचुंग जिले की कोरिडांग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे मतदान समाप्त होने तक अनुमानित 80.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग (ईसी) ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही और 22,382 मतदाताओं में से 18,045 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्य में 30 मतदान केंद्रों में से कई केंद्रों पर 95 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो असाधारण रूप से अधिक था। इनमें मंगमेटोंग दो (99.08 प्रतिशत), मंगमेटोंग पांच (98.56 प्रतिशत), मंगमेटोंग चार (97.57 प्रतिशत), मंगमेटोंग तीन (97.93 प्रतिशत), मंगमेटोंग एक (97.15 प्रतिशत), लोंगखुम पांच (95.33 प्रतिशत) और सत्सु (95.05 प्रतिशत) शामिल हैं।
इसके विपरीत, अलीचेन दो (15.30 प्रतिशत) और अलीचेन चार (22.93 प्रतिशत) में बहुत कम मतदान दर्ज किया गया।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश