नगालैंड: छात्र नेताओं ने नगा शांति वार्ता जल्द पूरी करने की मांग की
नगालैंड: छात्र नेताओं ने नगा शांति वार्ता जल्द पूरी करने की मांग की
कोहिमा, 17 जुलाई (भाषा) नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) ने केंद्र सरकार से जारी नगा शांति वार्ता को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ाने और उसे जल्द तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने का आग्रह किया। एक बयान में यह जानकारी दी गई।
यह आग्रह एनएसएफ के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में गृह मंत्रालय (एमएचए) के पूर्वोत्तर मामलों के सलाहकार तथा आसूचना ब्यूरो के पूर्व विशेष निदेशक अजीत लाल के साथ हुई बैठक के दौरान किया।
एनएसएफ ने बृहस्पतिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र से जारी नगा शांति वार्ता में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया नगा लोगों की आकांक्षाओं और भावनाओं के प्रति संवेदनशील रहनी चाहिए।
बैठक के दौरान एनएसएफ के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में जारी हिंसा और अशांति, विशेष रूप से नगा-कुकी संघर्ष का मुद्दा उठाया और शांति तथा सामान्य स्थिति तत्काल बहाल किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में महासंघ ने दशकों पुराने नगा राजनीतिक मुद्दे का जल्द राजनीतिक समाधान निकालने की अपनी मांग भी दोहराई।
विज्ञप्ति में कहा गया कि अजीत लाल ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


