‘नमो भारत’ यात्री अब ‘ट्रिप पास’ के जरिये अग्रिम रूप से 40 यात्राओं तक का टिकट खरीद सकेंगे

‘नमो भारत’ यात्री अब ‘ट्रिप पास’ के जरिये अग्रिम रूप से 40 यात्राओं तक का टिकट खरीद सकेंगे

‘नमो भारत’ यात्री अब ‘ट्रिप पास’ के जरिये अग्रिम रूप से 40 यात्राओं तक का टिकट खरीद सकेंगे
Modified Date: September 29, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: September 29, 2026 9:34 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नयी ‘ट्रिप पास’ सुविधा शुरू की है, जिसके तहत नमो भारत यात्री अब अग्रिम रूप से 40 यात्राओं तक का टिकट खरीद सकेंगे।

निगम ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इस सुविधा का उद्देश्य उन यात्रियों के लिए रोजाना यात्रा को आसान बनाना है, जो नियमित रूप से एक निश्चित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं। वर्तमान में नमो भारत से हर दिन 1.1 लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं।

उदाहरण के लिए, सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित रूप से यात्रा करने वाला यात्री इस मार्ग के लिए ‘ट्रिप पास’ खरीद सकता है और हर यात्रा के लिए अलग से लेन-देन किए बिना कई यात्राओं के लिए इसका इस्तेमाल कर सकता है।

बयान में कहा गया कि ‘ट्रिप पास’ को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में लोड किया जा सकता है और यात्री के चुने गए शुरुआती और गंतव्य स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर संबंधित यात्रा की संख्या स्वतः कम हो जाएगी। इसका इस्तेमाल एक दिन में कई बार भी किया जा सकता है, बशर्ते यात्री उन्हीं स्टेशनों के बीच यात्रा करे, जिनके लिए पास खरीदा गया है।

एनसीआरटीसी के अनुसार, यह सुविधा मानक और प्रीमियम दोनों श्रेणी के डिब्बों के लिए उपलब्ध है। यात्री अपनी यात्रा की आवृत्ति के अनुसार एक से 40 यात्राओं तक के पास का विकल्प चुन सकते हैं।

इसमें बताया गया कि एक यात्रा वाला पास 15 दिनों के लिए वैध होगा, जबकि 10 यात्राओं वाला पास 30 दिनों के लिए वैध होगा। 15 और 20 यात्राओं वाले पास 60 दिनों के लिए, जबकि 40 यात्राओं वाला पास 90 दिनों के लिए वैध होगा।

दस यात्राओं वाले पास का पैसा वापस नहीं किया जाएगा। पंद्रह, 20 और 40 यात्राओं वाले पास को 200 रुपये का निर्धारित प्रशासनिक शुल्क काटकर वापस किया जा सकता है।

उदाहरण के लिए, सराय काले खां और मोदीपुरम के बीच यात्रा का किराया मानक श्रेणी के डिब्बे में 210 रुपये और प्रीमियम श्रेणी के डिब्बे में 250 रुपये है। नियमित रूप से यह यात्रा करने वाले यात्री के लिए एनसीएमसी वॉलेट की 2,000 रुपये की रिचार्ज सीमा कुछ ही दिनों में खत्म हो सकती है, ऐसे में कई यात्राओं की अग्रिम खरीद अधिक सुविधाजनक है।

हालांकि, ट्रिप पास केवल खरीदारी के समय चुने गए निश्चित शुरुआती और गंतव्य स्टेशनों के लिए ही वैध होगा। बयान में कहा गया कि यदि कोई यात्री अलग-अलग स्टेशनों के बीच यात्रा करता है, तो नियमित किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काट लिया जाएगा।

नमो भारत यात्री प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट का भी लाभ उठा सकते हैं। इसमें कहा गया कि एनसीआरटीसी के लॉयल्टी कार्यक्रम के तहत एनसीएमसी कार्ड का इस्तेमाल करके यात्रा पर खर्च किए गए प्रत्येक रुपये पर यात्रियों को एक लॉयल्टी अंक मिलता है। प्रत्येक लॉयल्टी अंक का मूल्य 10 पैसे है और 300 लॉयल्टी अंकों का इस्तेमाल करके एक मुफ्त यात्रा की जा सकती है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में