चर्च ने सऊदी अरब में हिरासत से तीन सदस्यों की रिहाई में मदद के लिए मोदी का आभार जताया
चर्च ने सऊदी अरब में हिरासत से तीन सदस्यों की रिहाई में मदद के लिए मोदी का आभार जताया
नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) मलंकारा मार थोमा सीरियन चर्च ने सऊदी अरब के एक निरूद्ध केंद्र में हिरासत में रखे गए अपने तीन सदस्यों की रिहाई के लिए किए गए प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
केरलम स्थित मलंकारा मार थोमा सीरियन चर्च के प्रमुख मार थोमा मेट्रोपोलिटन ने नौ सितंबर को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में डैनिमोन, लिजू मैथ्यू और मैथ्यू चेरियाचन की रिहाई सुनिश्चित करने के संबंध में किए गए ‘‘ईमानदार और निरंतर प्रयासों’’ के लिए मोदी और उनके कार्यालय का आभार जताया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चर्च ने इस मामले में हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया।
मेट्रोपोलिटन ने कहा कि चर्च इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए ‘‘त्वरित हस्तक्षेप और संवेदनशील पहल’’ की सराहना करता है।
उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के प्रयासों और समन्वय की भी सराहना करते हुए कहा कि रिहाई से हिरासत में रखे गए लोगों, उनके परिवारों और व्यापक समुदाय को ‘‘बेहद राहत और खुशी’’ मिली है।
इस पत्र में रिहाई में भारतीय राजनयिक प्रयासों की भूमिका रेखांकित करते हुए मदद करने वाले सभी लोगों की सराहना की गई। पत्र के अनुसार, तीनों बंदियों की रिहाई से उनके परिवारों और चर्च समुदाय को काफी राहत मिली है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


