दिल्ली से बाहर गुजरात के केवडिया में आयोजित होगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
दिल्ली से बाहर गुजरात के केवडिया में आयोजित होगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह अपने 72 साल के इतिहास में पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित होगा। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस बार समारोह गुजरात के केवडिया में होगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी।
केवडिया का नाम बदलकर एकता नगर कर दिया गया है और यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है जो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के नाम से मशहूर यह प्रतिमा 597 फुट ऊंची है और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में किया था।
वर्ष 1954 में पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था और तब से अधिकतर पुरस्कार समारोह इसी स्थल पर हुए हैं। जुलाई में घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार इस परंपरा से अलग होंगे।
‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि इसकी मुख्य अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए चुना गया है। मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को क्रमश: ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में उनकी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया जाएगा।
अभिनेता एवं फिल्मकार रणदीप हुड्डा को विनायक दामोदर सावरकर पर बनी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को ‘‘संपूर्ण मनोरंजन वाली’’ सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, अरुण माथेश्वरन द्वारा निर्देशित और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को ‘‘राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों’’ को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


