नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को गुजरात के केवडिया में आयोजित करने का फैसला एक नीतिगत पहल है, जिसके तहत समारोह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर ले जाकर विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया जाएगा।
बाईस सितंबर को आयोजित होने वाले पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुरस्कार प्रदान करेंगी। इसमें वर्ष 2024 के लिए भारतीय सिनेमा की उत्कृष्ट उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए देशभर के फिल्मकार, अभिनेता, तकनीशियन और अन्य कलाकार एकत्र होंगे।
मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 1954 में शुरू किया गया राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए देश का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान है। सात दशकों से अधिक समय में इन पुरस्कारों ने फीचर फिल्मों, गैर-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट रचनात्मक एवं तकनीकी उपलब्धियों को सम्मानित किया है तथा भारतीय फिल्म निर्माण की समृद्ध भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता को प्रतिबिंबित किया है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘एक बड़ी नीतिगत पहल के तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का फैसला किया है। इस वर्ष एकतानगर में होने वाला समारोह देशभर की सिनेमाई प्रतिभाओं को एक साथ लाएगा और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मूर्त रूप देगा।’’
‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म जबकि इसकी मुख्य अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार के लिए चुना गया है। मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को क्रमश: ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में उनकी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया जाएगा।
अभिनेता एवं फिल्मकार रणदीप हुड्डा को विनायक दामोदर सावरकर पर बनी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को ‘‘संपूर्ण मनोरंजन वाली’’ सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। वहीं, अरुण माथेश्वरन द्वारा निर्देशित और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को ‘‘राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों’’ को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है।
इन पुरस्कारों में मराठी, संथाली, तमिल, मलयालम, तेलुगु, कन्नड़, तुलु और गढ़वाली समेत विभिन्न भाषाओं और विधाओं की फिल्मों में उत्कृष्टता को भी सम्मानित किया जाता है।
‘कल्कि 2898 एडी’, ‘अमरन’, ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘स्त्री 2’ समेत कई फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा। पहली बार किसी संथाली फिल्म को गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में सम्मान मिलेगा।
वर्ष 1954 में पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था, जहां इसके बाद भी अधिकांश पुरस्कार समारोह हुए हैं।
जुलाई में घोषित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन इस बार परंपरा से अलग होगा, हालांकि अतीत में समारोह दिल्ली से बाहर भी आयोजित किए गए हैं। 17वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 1971 में चेन्नई में किया गया था।
केवडिया का नाम बदलकर एकतानगर कर दिया गया है जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है जो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के नाम से मशहूर यह प्रतिमा 597 फुट ऊंची है और इसका अनावरण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में किया था।
भाषा अमित नरेश
नरेश