ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया उपयोग करने वालों को एल्गोरिदम से बाहर निकलने का मिलेगा विकल्प

Ads

ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया उपयोग करने वालों को एल्गोरिदम से बाहर निकलने का मिलेगा विकल्प

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 04:38 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 04:38 PM IST

कैनबरा, आठ सितंबर (एपी) ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने मंगलवार को नए कानून का मसौदा पेश किया जिसमें सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को एल्गोरिदम से बाहर निकलने का विकल्प देने का प्रस्ताव किया है ताकि वे अपनी सोशल मीडिया फीड पर दिखने वाली सामग्री को अधिक नियंत्रित कर सकें।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने राजधानी कैनबरा में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हम सोशल मीडिया मंचों को ऐसे विकल्प उपलब्ध कराने के लिए कहेंगे जिनसे 16 साल से अधिक उम्र के लोगों को यह चुनने की असली और स्थायी सुविधा मिल सके कि वे अपनी फीड में क्या देखना चाहते हैं।’’

प्रस्तावित अधिनियम बच्चों को ऐसी सामग्री से भी बचाएगा जो खान-प़ान संबंधी विकृतियों, महिलाओं के प्रति घृणा भरी सोच, पोर्नोग्राफी, अपराध और खतरनाक स्टंट को बढ़ावा देता है, या जिससे मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचता है।

ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा उपयोकर्ता का अपने अकाउंट पर नियंत्रण बढ़ाने और बच्चों को ऑनलाइन अधिक सुरक्षित रखने का यह कदम पिछले साल दिसंबर में दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया मंच जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और टिकटॉक पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट बनाने पर रोक लगाने वाले दुनिया के पहले कानून को लागू करने के बाद उठाया गया है।

अल्बनीज ने कहा, ‘‘इससे उपयोगकर्ता को चुनने का मौका मिलेगा और बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों को कार्रवाई न करने के लिए जिम्मेदार ठहराया जा सकेगा। अगर वे हमारे कानूनों का पालन नहीं करती हैं, तो उन्हें भारी जुर्माना भरना होगा।’’

प्रस्तावित डिजिटल देखभाल कर्तव्य कानून के तहत जुर्माना 10.92 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक हो सकता है।

सरकार के एक बयान के मुताबिक, सोशल मीडिया मंचों को नए और मौजूदा उपयोगकर्ताओं को एक नोटिफिकेशन भेजना होगा, जिसमें उन्हें अपने ‘पूर्व निर्धारित फ़ीड के बारे में चुनने का विकल्प दिया जाएगा।

सोशल मीडिया उपयोगकर्ता यह चुन सकेंगे कि उनकी पूर्वनिर्धारित फ़ीड में एल्गोरिदम द्वारा सुझायी गयी व्यक्ति परक सामग्री शामिल हो। इसके अलावा, उपयोगकर्ता उन दोस्तों और क्रिएटर्स का कंटेंट भी देख सकेंगे जिन्हें वे फॉलो करने का विकल्प चुनते हैं।

बयान में कहा गया है कि ऑनलाइन गेम, ऐप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता चैटबॉट जैसी डिजिटल सेवाओं को भी बच्चों को ऐसे डिजाइन फीचर से बचाना होगा जिससे बच्चों के व्यवहार पर नकारात्मक असर पड़ता है।

ऑस्ट्रेलिया की ऑनलाइन सुरक्षा निगरानी संस्था ने अप्रैल में कहा था कि वह फेसबुक, इंस्टाग्राम,स्नैपचैट, टिकटॉक और यूट्यूब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। संस्था का आरोप है कि ये मंच 16 साल से कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई बच्चों को अपने मंचों से दूर रखने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहे हैं।

एपी धीरज नरेश

नरेश