नवजोत सिद्धू किसी भी राजनीतिक दल में नहीं हैं: उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू
नवजोत सिद्धू किसी भी राजनीतिक दल में नहीं हैं: उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू
चंडीगढ़, आठ अप्रैल (भाषा) पंजाब की पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने बुधवार को कहा कि राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (बीआरपी) सत्ता में आयी तो वह राज्य में अफीम की खेती को इजाजत देगी क्योंकि उनका मानना है कि लोगों को मादक पदार्थ से दूर करने का एकमात्र समाधान अफीम है। उन्होंने कहा कि यह खेती सरकार के नियंत्रण में होंगी।
नवजोत कौर सिद्धू ने दावा किया कि उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं। नवजोत कौर सिद्धू भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (बीआरपी) में शामिल हुई हैं।
कांग्रेस की पूर्व नेता नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब के लिए कार्ययोजना बताते हुए यहां पत्रकारों से कहा कि बीआरपी 2027 में राज्य में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अगले विधानसभा चुनाव के बाद अपनी पार्टी के सत्ता में आने पर अफीम की खेती का समर्थन किया।
कौर को लगभग दो महीने पहले कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। उन्होंने सोमवार रात को बीआरपी में शामिल होने की घोषणा की थी ताकि ‘‘पंजाब को उसके खोए हुए स्वर्णिम राज्य होने के गौरव को पुनः प्राप्त करने में नेतृत्व कर सकें।’’
उन्होंने कहा कि उनके पति, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, राजनीति से दूर हैं। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनकी पार्टी की भावी सरकार में उनके पति की कोई भूमिका नहीं होगी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके पति अब भी कांग्रेस में हैं, तो उन्होंने कहा कि वह किसी भी पार्टी में नहीं हैं। उन्होंने कहा, “उन्हें 2022 (पंजाब विधानसभा चुनाव) के बाद नहीं बुलाया गया। अगर वह पार्टी में शामिल होते, तो उन्हें किसी भी बैठक में बुलाया जाता।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या सिद्धू की आगामी 2027 के चुनाव में कोई भूमिका होगी, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “वह सप्ताह में चार दिन काम करते हैं और प्रतिदिन 15 लाख रुपये कमाते हैं।’’
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सिद्धू राजनीति से दूर हैं।
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सिद्धू पिछले कई महीनों से पार्टी के कार्यक्रमों और गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में भी प्रचार नहीं किया था।
पिछले अप्रैल में, सिद्धू ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करने, क्रिकेट, कमेंट्री पर चर्चा करने, प्रेरक भाषण देने और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर वीडियो बनाने के लिए अपना नया यूट्यूब चैनल ‘नवजोत सिद्धू ऑफिशियल’ शुरू किया था।
कौर 2012 में अमृतसर पूर्व सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक थीं।
उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अपने पति के साथ कांग्रेस में शामिल हो गईं।
कौर ने यहां पत्रकारों से कहा कि बीआरपी कोई नई पार्टी नहीं है, बल्कि इसका पंजीकरण जून 2015 में हुआ था। उन्होंने बताया कि पार्टी के अन्य राज्यों में मंच हैं, लेकिन पंजाब में इसका कोई चेहरा नहीं है।
कौर ने बताया कि बीआरपी अध्यक्ष अमलान बिस्वास ने उनसे संपर्क किया और उन्हें पार्टी का पंजाब प्रभारी नियुक्त किया।
कौर ने कहा कि उन्हें अमेरिका, कनाडा, इटली, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड सहित कई देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीयों का समर्थन प्राप्त है और उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया है कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को समर्थन देंगे।
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के एजेंडे के बारे में उन्होंने कहा कि अगर पार्टी सरकार बनाती है तो वे राज्य में निवेश आकर्षित करने पर काम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘कृषि विभाग का प्रभार हम ऐसे व्यक्ति को देंगे जिसे इसकी अच्छी जानकारी हो। शिक्षा विभाग ऐसे व्यक्ति को दिया जाएगा जो इस क्षेत्र में सुधार कर सके।’
उन्होंने कहा, ‘हमारा उद्देश्य पंजाब को स्वर्णिम राज्य बनाना है।’
कृषि क्षेत्र पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अफीम की खेती की अनुमति देगी। उन्होंने कहा कि लोगों को नशे की लत से दूर करने का एकमात्र उपाय अफीम है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के नियंत्रण में होगा।
कौर ने राज्य में उगाई जाने वाली फसलों के विपणन के बारे में भी बात की। उन्होंने दावा किया, “हमारे पास किसानों को ‘लाखपति’ और ‘करोड़पति’ बनाने की योजना है।”
उन्होंने कहा कि युवाओं की शिक्षा पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी होगी।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


