नायब सिंह सैनी हरियाणा के ‘डमी मुख्यमंत्री’ हैं: इनेलो प्रमुख अभय चौटाला

Ads

नायब सिंह सैनी हरियाणा के ‘डमी मुख्यमंत्री’ हैं: इनेलो प्रमुख अभय चौटाला

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 10:38 PM IST

चंडीगढ़, 28 मार्च (भाषा) इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने शनिवार को नायब सिंह सैनी को ‘डमी मुख्यमंत्री’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि यदि सैनी वास्तव में अपने पद के प्रभारी होते, तो उन्होंने गेहूं खरीद के संबंध में पार्टी को दिए गए आश्वासनों पर कार्रवाई की होती।

इनेलो के अध्यक्ष ने गेहूं खरीद से संबंधित विभिन्न मुद्दों को उजागर करते हुए अपनी पार्टी की ओर से हरियाणा के राज्यपाल आशीष कुमार घोष को ज्ञापन सौंपा और इसके बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने सैनी को ‘‘डमी मुख्यमंत्री’’ कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘वह डमी मुख्यमंत्री, नाममात्र के मुख्यमंत्री हैं। अगर वह वास्तव में पद के प्रभारी होते, तो 12 मार्च को हमारे द्वारा दिए गए ज्ञापन पर आश्वासन देने के बाद उन्होंने कार्रवाई की होती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक उन्हें फैसला कर लेना चाहिए था, क्योंकि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। हमने खरीद केंद्रों का मुख्य मुद्दा उठाया था, क्योंकि कार्यात्मक केंद्रों की अनुपस्थिति से किसानों को गंभीर कठिनाई होगी।’’

चौटाला ने कहा कि सरकार ने गेहूं की खरीद पर कई नयी शर्तें लागू की हैं।

उन्होंने कहा कि खरीद संबंधी इन शर्तों में ‘‘ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबरों का अनिवार्य पंजीकरण, मंडियों में व्यक्तिगत रूप से गेट पास का संग्रह, बायोमेट्रिक सत्यापन…’’ आदि शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि ऐसी परिस्थितियां पहले कभी नहीं थीं।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप