एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया
Modified Date: November 29, 2022 / 09:00 pm IST
Published Date: June 26, 2021 1:39 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने आठ लोगों को गिरफ्तार करके और भारी मात्रा में नशे की गोलियां जब्त कर मादक पदार्थों के एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने का शनिवार को दावा किया।

यह गिरोह कथित तौर पर डार्कनेट के जरिए संचालित किया जा रहा था। डार्क नेट को डार्क वेब के नाम से भी जाना जाता है। यह इंटरनेट का वह हिस्सा (छिपा हुआ) है, जहां तक सर्च इंजन की पहुंच नहीं है और वहां तक पहुंचने के लिए खास सॉफ्टवेयर और खास अनुमति की जरूरत होती है।

केंद्रीय नार्कोटिक्स रोधी एजेंसी ने कहा कि उसकी दिल्ली क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचाल प्रदेश में पिछले दो महीने की अवधि में मारे गये कई छापों के बाद इस अवैध व्यापार का खुलासा हुआ है।

एनसीबी के उप निदेशक (अभियान) के पी एस मल्होत्रा ने कहा, ‘‘ट्रामाडोल जैसी 22 लाख साइकोट्रोफिक (नशीली) गोलियां, कोडीन वाली सीरप की 70,000 शीशी और 245 किग्रा अन्य मादक पदार्थ अब तक जब्त किये गये हैं। इस सिलसिले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

एजेंसी ने एक बयान जारी कर यह भी बताया है कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में फैला हुआ था तथा अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और फिलीपीन जैसे देशों में उसके संपर्क थे। एनसीबी ने दावा किया कि कम से कम नौ वेबसाइट डार्कनेट पर संचालित हो रहे हैं, जिनका इस्तेमाल इस गिरोह द्वारा किया जा रहा था। उनके आईपी पते भारत के बाहर के हैं।

भाषा

सुभाष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में