एनसीडब्ल्यू ने तेलंगाना में नर्स से दुष्कर्म करने और उसकी हत्या के मामले पर सात दिन में रिपोर्ट मांगी

एनसीडब्ल्यू ने तेलंगाना में नर्स से दुष्कर्म करने और उसकी हत्या के मामले पर सात दिन में रिपोर्ट मांगी

एनसीडब्ल्यू ने तेलंगाना में नर्स से दुष्कर्म करने और उसकी हत्या के मामले पर सात दिन में रिपोर्ट मांगी
Modified Date: September 2, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: September 2, 2026 9:08 pm IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने तेलंगाना के थुकुगुडा में 21 वर्षीय एक नर्स का कथित यौन उत्पीड़न करने एवं उसकी हत्या के मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सात दिनों के भीतर इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।

एनसीडब्ल्यू ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में ‘तत्काल और सख्त कार्रवाई’ की मांग की है।

इस पोस्ट में कहा गया, ‘एनसीडब्ल्यू ने तेलंगाना के थुकुगुडा में 21 वर्षीय नर्स का कथित यौन उत्पीड़न होने और उसकी हत्या के मामले से संबंधित रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लिया है।’

आयोग ने इस मामले में त्वरित जांच और आरोपी से हिरासत में पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने पूरी घटना के घटनाक्रम, अपराध की वजह और आरोपी के पुराने अपराधों का पता लगाने के लिए भी कहा है।

एनसीडब्ल्यू ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत बलात्कार, हत्या और बिना अनुमति किसी के परिसर में प्रवेश करने से संबंधित सभी प्रावधानों को सख्ती से लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही आयोग ने मेडिकल, पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और उनकी जांच करने के लिए भी कहा है।

यह महिला अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से ताल्लुक रखती थी और थुकुगुडा अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। वह 29 अगस्त को अस्पताल परिसर के भीतर ही एक आवासीय कमरे में मृत पाई गई थी।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में बिहार के बेगूसराय जिले के निवासी 34 वर्षीय मोटरसाइकल मैकेनिक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मृतका की एक रिश्तेदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर बीएनएस और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपराध कबूल किया है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में