असम में राजग सरकार तीव्र विकास और प्रभावी शासन के लिए काम करेगी: केंद्रीय मंत्री
असम में राजग सरकार तीव्र विकास और प्रभावी शासन के लिए काम करेगी: केंद्रीय मंत्री
गुवाहाटी, 12 मई (भाषा) जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और सर्बानंद सोनोवाल सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने मंगलवार को असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तीसरी सरकार का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि यह आने वाले समय में तीव्र विकास और प्रभावी शासन लाएगी।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत विश्व शर्मा को मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों को भी शपथ दिलाई।
शर्मा के साथ-साथ चार विधायकों – भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
भव्य समारोह में भाग लेने के बाद केंद्रीय मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर शर्मा को शुभकामनाएं दीं और पिछले 10 वर्षों के दौरान असम में राजग सरकार के प्रदर्शन की प्रशंसा की।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं असम के मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर हिमंत विश्व शर्मा को और मंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण करने पर रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘डबल इंजन’ की सरकार असम के सर्वांगीण विकास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव को लगातार नयी दिशा दे रही है।
नड्डा ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि राजग सरकार असम के परिवर्तन, प्रगति और समृद्धि के लिए अथक प्रयास करती रहेगी और विकसित भारत के साथ-साथ विकसित असम के निर्माण के संकल्प को साकार करेगी।’’
शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि असम में विकास और परिवर्तनकारी प्रगति का एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को जनादेश दिया है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है।’’
गडकरी ने आशा व्यक्त की कि यह जनादेश तीव्र विकास और प्रभावी शासन में तब्दील होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे विभाग की ओर से लगभग दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम होना है जो एक मजबूत, गतिशील और प्रगतिशील असम के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती हैं।’’
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह असम की जनता के लिए एक ‘‘ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘गुवाहाटी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सम्मानित राजग नेताओं की उपस्थिति में राजग 3.0 सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। जनता द्वारा दिखाए गए अपार प्रेम, आशीर्वाद और उत्साह से मैं अत्यंत आह्लादित हूं।’’
असम के पूर्व मुख्यमंत्री ने शर्मा को एक बार फिर शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सोनोवाल ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी और जन-केंद्रित नेतृत्व में राज्य विकास, शांति और समृद्धि की नयी ऊंचाइयों को छुएगा।
खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने भी शर्मा को सफल, गौरवशाली और जन कल्याणकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘असम की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय हित पर केंद्रित राजनीति में अपना विश्वास व्यक्त किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में असम प्रगति, समृद्धि और सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य निरंतर विकास की नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।’’
शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को व्यक्तिगत रूप से और सामूहिक रूप से धन्यवाद दिया और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी राज्यों के माननीय मुख्यमंत्रियों, उप मुख्यमंत्रियों और माननीय केंद्रीय मंत्रियों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जो असम में तीसरी राजग सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में एक परिवार की तरह शामिल हुए और अपनी शुभकामनाएं दीं।’’
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


