आंध्र में राजग की सरकार 30 साल तक रहेगी: भाजपा सांसद

Ads

आंध्र में राजग की सरकार 30 साल तक रहेगी: भाजपा सांसद

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 01:39 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 01:39 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सीएम रमेश ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि आंध्र प्रदेश के लोग ‘डबल इंजन’ की सरकार पर विश्वास करते हैं तथा राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार अगले 30 वर्षों तक बरकरार रहेगी।

उन्होंने ‘आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि इस विधेयक के पारित होने के बाद राजधानी के रूप में अमरावती का कोई ‘‘एक इंच भी इधर-उधर’’ नहीं कर सकेगा।

रमेश ने विधेयक का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को दिया।

उनका कहना था कि भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई ने कई मौकों पर यह प्रस्ताव पारित किया था कि अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाया जाए।

उन्होंने तीन राजधानियों की परिकल्पना को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और कहा, ‘‘क्या किसी प्रदेश की तीन राजधानियां हो सकती हैं? यह अमरावती को राजधानी नहीं बनने देने का प्रयास था।’’

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के लोग डबल इंजन की सरकार पर विश्वास करते हैं। यह सरकार (राजग की) आंध्र प्रदेश में 30 साल तक रहेगी।’’

रमेश ने कहा कि अमरावती को राजधानी बनाने के विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी और उनकी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

भाषा हक हक वैभव

वैभव