राजग नीट पर संसद में चर्चा के लिए तैयार, कांग्रेस बहस से भाग रही है: भाजपा

राजग नीट पर संसद में चर्चा के लिए तैयार, कांग्रेस बहस से भाग रही है: भाजपा

राजग नीट पर संसद में चर्चा के लिए तैयार, कांग्रेस बहस से भाग रही है: भाजपा
Modified Date: July 23, 2026 / 01:48 pm IST
Published Date: July 23, 2026 1:48 pm IST

( तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन कांग्रेस और पूरा विपक्ष बहस से बच रहा है।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उस आरोप के बाद आई, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने और देश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद होने देने का आरोप लगाया था।

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर संसद परिसर में बृहस्पतिवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने आमने-सामने प्रदर्शन किया। दोनों पक्ष संसद के मकर द्वार के बाहर एकत्र हुए और एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे संसद के दोनों सदनों में आज भी गतिरोध बने रहने के संकेत मिले।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और विपक्ष पर छात्रों एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि बहस होने पर उनका ‘‘दोहरा रवैया’’ उजागर हो जाएगा।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजग सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े हर मुद्दे पर, हर स्तर पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन राहुल गांधी, कांग्रेस और पूरा विपक्ष चर्चा से बच रहा है, क्योंकि उन्हें पता है कि सदन में बहस होने पर उनका दोहरा चरित्र सामने आ जाएगा।’’

नवीन ने विपक्ष को खुली चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा और राजग सरकार नीट सहित छात्रों और युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम खुली चुनौती देते हैं कि वे संसद में आएं। छात्रों, युवाओं, नीट या किसी भी अन्य मुद्दे पर हम चर्चा के लिए तैयार हैं। राहुल गांधी हमेशा बहस से भागते रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी सांसद और राजग सरकार हर सवाल का जवाब देने और हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्हें विश्वास है कि राहुल गांधी और उनका दल चर्चा के लिए आगे नहीं आएगा।

नवीन ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का पिछले 50-60 वर्षों का इतिहास युवाओं को ‘‘गुमराह करने और भड़काने’’ का रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने युवाओं को हमेशा गुमराह करने और भड़काने का काम किया है। वे युवाओं को केवल पत्थर फेंकने वाले के रूप में देखते हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और परीक्षा में अनियमितताओं के मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि देश के युवा प्रधानमंत्री के साथ हैं और विकसित भारत के उनके दृष्टिकोण का पूरा समर्थन करता है।’’

भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं चाहती। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो-तीन दिनों में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने छात्रों और सोनम वांगचुक से बातचीत की। इन चर्चाओं से एक बात स्पष्ट हुई कि प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर गंभीर विचार-विमर्श होना चाहिए और कड़े कानून बनाए जाने चाहिए। लेकिन कांग्रेस सदन में चर्चा नहीं चाहती, वह केवल राजनीति करना चाहती है।’’

भाजपा सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘‘आज भाजपा और राजग के सांसद सदन के बाहर नीट और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं चाहती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्पष्ट कर चुके हैं कि छात्रों के हितों से बढ़कर कुछ भी नहीं है।’’

यह बयान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रश्नपत्र लीक के मामलों में शामिल लोगों को शीघ्र और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक अदालत स्थापित करने की घोषणा के बाद आया।

केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इससे प्रश्नपत्र लीक के दोषियों को शीघ्र दंड देने की छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नपत्र लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई त्वरित अदालतों में होगी। मुकदमों का शीघ्र निपटारा होगा और दोषियों को बिना अनावश्यक देरी के जल्द सजा मिलेगी। यह बहुत महत्वपूर्ण फैसला है। युवाओं की लगातार मांग रही है कि प्रश्नपत्र लीक के दोषियों को शीघ्र दंड मिले और यह उसी दिशा में उठाया गया कदम है।’’

इससे पहले राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की शिक्षा व्यवस्था को ‘‘पूरी तरह कब्जे में लेकर उसे नष्ट होने दिया’’ और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों की मांग स्पष्ट है- धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए, छात्रों से माफी मांगी जाए और उन पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।’’

भाषा मनीषा माधव

माधव


लेखक के बारे में