नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने काका नगर को छठी ‘अनुपम कॉलोनी’ घोषित किया। इसी के साथ यह राष्ट्रीय राजधानी का पूरी तरह से मशीनीकृत, धूल रहित सफाई प्रणाली को अपनाने वाला पहला आवासीय क्षेत्र बन गया। एक बयान में यह जानकारी दी गई।
एनडीएमसी के चेयरमैन केशव चंद्र ने कहा कि यह कदम स्वच्छ वायु और निरंतर शहरी स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
चंद्र ने कहा, ‘‘इस बदलाव के साथ काका नगर में साफ- सफाई के सभी कार्य अब पारंपरिक झाड़ू विधियों के बजाय मशीन द्वारा किए जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि नयी प्रणाली के तहत कॉलोनी में स्वच्छता का काम पांच पुश-बैक मैकेनिकल स्वीपर और एक गोबलर मशीन के माध्यम से किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि एनडीएमसी क्षेत्र के भीतर पहले से नामित अन्य पांच आवासीय क्षेत्रों के साथ अब काका नगर कॉलोनी भी अनुपम कॉलोनी के रूप में शामिल हो गई है।
इससे पहले एनडीएमसी ने डी-1, डी-2 एवं सत्य सदन ऑफिसर्स फ्लैट्स इलाकों , भारती नगर, आराधना कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी, बापू धाम और न्यू मोती बाग को अनुपम कॉलोनी का दर्जा दिया था।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश