ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले एनडीएमसी ने रात में सफाई के लिए 300 कर्मचारी तैनात किए
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले एनडीएमसी ने रात में सफाई के लिए 300 कर्मचारी तैनात किए
नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 से पहले नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने अपने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और दुरुस्त करते हुए रात में करीब 300 सफाई कर्मचारियों को तैनात किया है साथ ही, मशीनीकृत सफाई उपकरणों का इस्तेमाल भी बढ़ाया गया है।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होना है।
अधिकारियों ने बताया कि चार सितंबर से अतिरिक्त सफाई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत रात की पाली में करीब 300 सफाई कर्मचारियों के साथ 10 ‘मैकेनिकल रोड स्वीपर’ (एमआरएस) की भी व्यवस्था की गई है।
सफाई और कचरा उठाने का अधिकांश काम रात में किया जा रहा है, ताकि सुबह लोगों की आवाजाही बढ़ने से पहले प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई पूरी की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, रात की पाली में सफाईकर्मी झाड़ू लगाने, जमा और बिखरे हुए कचरे को उठाने तथा कूड़ेदान और ट्रॉलियों को खाली करने का काम करते हैं। सुबह के समय ‘प्रेशर-जेट’ मशीनों से सफाई की जाती है।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय ने प्रमुख बाजारों में भी सफाई अभियान बढ़ा दिया है। अब इन बाजारों में सुबह, शाम और रात, तीन बार सफाई की जा रही है। प्रमुख सड़कों और अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
तैयारियों के तहत मशीनीकृत सफाई को बढ़ावा दिया गया है। दिन के समय अहम स्थानों पर बिखरे कचरे और गंदगी को उठाने के लिए 15 ‘गॉबलर’ मशीन तैनात की गई हैं।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘ सफाई कर्मचारियों को तीन पालियों में बांटा गया है। रात में करीब 300 कर्मचारी और शाम की पाली में लगभग 120 कर्मचारी तैनात हैं, जबकि बाकी कर्मचारियों को सुबह की पाली में लगाया गया है।’’
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


