अगस्त 2024-फरवरी 2026 के बीच बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगभग 3,100 घटनाएं: सरकार

Ads

अगस्त 2024-फरवरी 2026 के बीच बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगभग 3,100 घटनाएं: सरकार

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 01:19 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) सरकार ने बताया कि मानवाधिकार संगठनों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2024 से फरवरी 2026 के बीच बांग्लादेश में हिन्दू और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की लगभग 3,100 घटनाएं हुई हैं।

विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मारग्रेटा ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि भारत सरकार बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हमलों की घटनाओं की लगातार निगरानी कर रही है, जिनमें उनके घर, संपत्तियां, व्यवसाय और पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाना शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “मानवाधिकार संगठनों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2024 से फरवरी 2026 तक बांग्लादेश में हिन्दू और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की लगभग 3,100 घटनाएं हुई हैं।”

मारग्रेटा ने बताया कि भारत ने बांग्लादेश की सरकार के साथ उच्चतम स्तर पर और सभी उपयुक्त अवसरों पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का मामला लगातार उठाया है। इस मुद्दे पर विदेश प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की गई है।

उन्होंने कहा, “भारत सरकार की अपेक्षा है कि बांग्लादेश सरकार इन घटनाओं की पूरी तरह से जांच करे और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हत्या, आगजनी और हिंसा की घटनाओं के सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाए।”

लगातार ने कहा कि बांग्लादेश में सभी नागरिकों, विशेषकर अल्पसंख्यकों, के जीवन और स्वतंत्रता की सुरक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी बांग्लादेश सरकार की है।

उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में भारतीय मिशन और पोस्ट यह सुनिश्चित करते हैं कि संकटग्रस्त भारतीय नागरिकों को तुरंत सहायता और समर्थन मिले। मिशन हफ्ते में सातों दिन, चौबीस घंटे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से बांग्लादेश में सभी भारतीय नागरिकों के लिए सुलभ रहता है।

मारग्रेटा ने कहा कि ढाका में भारतीय मिशन में भारतीय नागरिकों की शिकायतों और चिंताओं को संबोधित करने के लिए समर्पित कांसुलर अधिकारी हैं। मिशन नियमित रूप से भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ संवाद करता है और भारतीय नागरिकों के लिए नियमित ‘ओपन हाउस (जन सुनवाई)’ कार्यक्रम भी आयोजित करता है।

भाषा

मनीषा माधव

माधव