महराजगंज में नीट अभ्यर्थी छात्रा ने आत्महत्या की, परीक्षा देने के बाद तनाव में थी

Ads

महराजगंज में नीट अभ्यर्थी छात्रा ने आत्महत्या की, परीक्षा देने के बाद तनाव में थी

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 10:15 AM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 10:15 AM IST

महराजगंज (उप्र), 23 जून (भाषा) महराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के चौपरिया कंचनपुरा गांव में नीट की अभ्यर्थी रही एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान चंचल भारती (19) के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा देने के बाद वह मानसिक तनाव में थी और करियर को लेकर परेशान थी।

पुलिस ने बताया कि चंचल घर के अंदर बेहोश मिली। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से छात्रा की नीट की प्रश्न पुस्तिका बरामद हुई। उस पर हाथ से लिखा था, ‘मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भैया’। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) निर्भय सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट और प्रश्न पुस्तिका जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि हाथ की लिखाई की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

पुलिस के अनुसार मृतका के पिता दर्ज़ी का काम करते हैं और आर्थिक तंगी के बावजूद वह बच्चों को पढ़ा रहे थे। परिजनों ने बताया कि चंचल पढ़ाई में होशियार थी और उसे काफी उम्मीदें थीं।

एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रा की मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा सं आनन्द

वैभव

वैभव