नीट-स्नातक विवाद: एसएफआई ने केरल में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया
नीट-स्नातक विवाद: एसएफआई ने केरल में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया
कोझिकोड/कोल्लम (केरल), 13 मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा ‘स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) ने बुधवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) के कथित प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा रद्द होने के विरोध में राज्य भर में अपना प्रदर्शन जारी रखा।
एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा रद्द होने के विरोध में कोझिकोड, कन्नूर, कासरगोड और कोल्लम सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में डाकघरों जैसे सरकारी प्रतिष्ठानों तक मार्च निकाला।
उन्होंने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों को भी तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन पर पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया।
एसएफआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में प्रधान महालेखाकार कार्यालय में घुसकर प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप में विरोध प्रदर्शन किया।
नीट-स्नातक परीक्षा 2026 तीन मई को हुई थी और इसके प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों के बाद राजस्थान विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मामले की जांच शुरू की।
एनटीए ने मंगलवार को नीट स्नातक 2026 रद्द करने की घोषणा की और कहा कि परीक्षा दोबारा होगी, जिसकी तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।
एजेंसी ने एक बयान में बताया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए भारत सरकार की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया है।
माकपा नेता एएन शमशीर ने विरोध प्रदर्शनों के बीच मंगलवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नीट-स्नातक के शीघ्र और सुचारू संचालन के लिए तत्काल उपाय करने का अनुरोध किया था।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


