नीट पुनर्परीक्षा: पंजाब में छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा की मांग करेंगे केजरीवाल

नीट पुनर्परीक्षा: पंजाब में छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा की मांग करेंगे केजरीवाल

नीट पुनर्परीक्षा: पंजाब में छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा की मांग करेंगे केजरीवाल
Modified Date: May 19, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: May 19, 2026 9:24 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान से अनुरोध करेंगे कि नीट पुनर्परीक्षा के दिन पंजाब में अभ्यर्थियों के लिए बस यात्रा नि:शुल्क की जाए।

केजरीवाल ने यह बात नीट परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों द्वारा आर्थिक कठिनाइयों और मानसिक तनाव की शिकायतों के बीच कही।

केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो में कहा कि नीट परीक्षा मुद्दे पर सुझाव और प्रतिक्रिया मांगने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने उनसे संपर्क किया।

उन्होंने कहा कि उनके पिछले वीडियो को 50 लाख से अधिक लोगों ने देखा और हजारों छात्रों ने परीक्षा रद्द होने तथा 21 जून को पुनर्परीक्षा तय किए जाने को लेकर चिंता, अवसाद और निराशा जैसी परेशानियां साझा कीं।

केजरीवाल ने छात्रों द्वारा यात्रा खर्च को लेकर जताई गई चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वह परीक्षा के दिन पंजाब में नीट अभ्यर्थियों के लिए बस यात्रा नि:शुल्क करने को लेकर भगवंत मान से बात करेंगे।

उन्होंने कहा, “कुछ बच्चों ने लिखा है कि उनके पास बस का किराया देने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। मैं कल पंजाब जा रहा हूं और भगवंत मान से बात करूंगा ताकि कम से कम पंजाब में परीक्षा के दिन छात्रों के लिए बस यात्रा मुफ्त की जा सके।”

केजरीवाल ने छात्रों के संदेशों का हवाला देते हुए कहा कि कई अभ्यर्थियों ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में वर्षों लगाए हैं और पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा पढ़ाई के लिए खुद को प्रेरित करने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।

केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि अगर सरकारें ईमानदारी से काम करें तो परीक्षा की प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी सरकार के कार्यकाल में परीक्षा की प्रश्नपत्र लीक होने की कोई घटना नहीं हुई।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में